Sunday, May 13, 2012

माननीय!
ये कैसा गडबड़ घोटाला है
'जन के नाम पर
'अभिजन को आपने
पोसा-पाला है

15 अगस्त 1947 को भारत आजाद हुआ। 26 जनवरी 1950 को संविधान बना और अंतरिम संसद के रूप में कार्यवाही प्रारंभ हुई, 1950 में भी रेशम लाल जांगडे को संासद मनोनित किया गया उसके बाद 1952 और 1957 के लोकसभा चुनाव में भी रेशमलाल जांगडे बिलासपुर से सांसद बने वहीं 1989 में भी सांसद बनने का सौभाग्य उन्हें मिला। देश के प्रथम प्रधानमंत्री पं.जवाहर लाल नेहरू और उनकी पुत्री इंदिरा गांधी के पुत्र राजीव गांधी के साथ संसद की कार्यवाही में शामिल होने वाले रेशमलाल जांगडे को कल संसद की 60 वीं वर्षगांठ के मौके पर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर सुराज ने  1952 लोकसभा और विधानसभा चुनाव के परिणाम पर भी एक नजर डालकर हमारे लोकतंत्र के रक्षको को याद करने की कोशिश इस कालम के माध्यम से की है।
15 अगस्त 1947 को भारत आजाद हुआ और आजादी के बाद 1952 में देश में लोकसभा तथा विधानसभा के आम चुनाव हुए। 13 मई 1952 को आजाद भारत की पहली संसदीय सभा में भारत के पहले राष्ट्रपति डा.राजेन्द्र प्रसाद ने प्रधानमंत्री पं.जवाहर लाल नेहरू को शपथ दिलाई थी। छत्तीसगढ़ का सौभाग्य है कि संसद की 60वीं वर्षगांठ पर 1952 से पहले अंतरिम संसद मनोनित होने वाले 88 वर्षीय रेशमलाल जांगडे का सम्मान किया गया। 88 वर्षीय रेशमलाल जांगडे देश के इमानदार, जनसेवा करने वाले जनप्रतिनिधि का एक उदाहरण हो सकते है।
16 फरवरी 1925 को गांव परसाडीह, तहसील बिलाइगढ़ में स्व.टीकाराम जांगडे के घर रेशमलाल जांगडे का एक सतनामी परिवार में जन्म हुआ। अभाव के चलते भी उन्होंने बी.ए., एलएलबी की पढ़ाई की और कृषि कार्य के साथ-साथ वकालत में भी रूचि ली। 1942 में रेशमलाल जांगडे को स्वतंत्रता संग्राम में सक्रिय हिस्सेदारी के चलते जेल यात्रा करनी पड़ी। 1952 में जांगडे अंतरिम सदस्य रहे तो 57 और 62 में बिलासपुर लोकसभा सदस्य रहे। 1962 में 67 तक वे कांग्रेस पार्टी की तरफ से भटगांव से विधायक चुने गए और 1963 में उन्हेंं म.प्र. सरकार में उपमंत्री बनाया गया।  1972 में कांग्रेस से मोहभंग हो गया 1973 में भटगांव से ही उन्होंने निर्दलीय के रूप में चुनाव जीता। बाद में वे जनता पार्टी में शामिल हो गए पर 1977 का विधानसभा चुनाव बतौर जनता पार्टी प्रत्याशी वे हार गए। 1985 में वे भाजपा उम्मीदवार के रूप में विस चुनाव में विजयी रहे। 1989 में बिलासपुर लोस से वे विजयी रहे पर 1993 का विस चुनाव में उन्हें पुन: भटगांव विस से पराजय का सामना करना पड़ा।
तीन बार विधायक और दो बाद सांसद रहने वाले रेशमलाल जांगडे आज भी अपने परिवार के साथ जनता क्वार्टर में रहते है।  जो 1972 मेें 9 हजार में खरीदा था। स्वतंत्रता संग्राम सेनानी, पूर्व सांसद विधायक के रूप में मिलनेवाले 25 हजार रुपए मासिक पेंशन पर अपने परिवार के 10 सदस्यों का जीवन चल रहा है। आज की राजनीति में जब पहली बार विधायक या सांसद बनने के बाद चार चक्का वाहन, आलीशान घर जरूरी है ऐसे माहौल में रेशमलाल जांगडे की सादगी और इमानदारी आज के राजनेताओं के लिए आदर्श स्थापित कर सकती हैं। प्रथम प्रधानमंत्री पं.जवाहर लाल नेहरू और उनके नाती राजीव गांधी के साथ संसद में रहने वाले रेशम लाल जांगडे आज की राजनीतिक व्यवस्था और भ्रष्टाचार के बोलबाले से नाखुश है। लोगों की भावनाएं और समस्याएं उठाकर जनसेवा करने वे राजनीति में आए थे ईमानदारी से जीवन जिया और उनका कहना है कि इमानदारी से ही वे मरेंगे।
1952 के लोस चुनाव
भारत में आजादी के बाद 1952 में लोकसभा और विधानसभाओं के चुनाव हुए थे। उस समय छत्तीसगढ़ सीपीएण्ड बरार प्रदेश के अधीन था। तब इस प्रदेश में 29 लोक सभा सीटे थी और उनमें से 10 लोकसभा सीटे वर्तमान छत्तीसगढ़ में थी। इन 10 क्षेत्रों में बस्तर और सरगुजा- रायगढ़ में निर्दलीय प्रत्याशी विजयी रहे थे बाकी सभी 8 सीटों पर राष्ट्रीय कांग्रेस पार्टी के प्रत्याशी विजयी रहे थे। बस्तर से निर्दलीय मुचकी कोसा तथा सरगुजा- रायगढ़ से निर्दलीय चद्रकिरण सिह जूदेव ने जीत दर्ज की थी वहीं बिलासपुर क्षेत्र में सरदार अमरसिंह सहगल, भूपेन्द्रनाथ मिश्रा, तथा बिलासपुर (अजा) से रेशमलाल जांगडे विजयी रहे थे। बिलासपुर दुर्ग-रायपुर(अजा) सीट से मिनी माता, दुर्ग से वासुदेव श्रीधर किरोलीकर, दुर्ग-बस्तर से पं.भगवती चरण शुक्ल (पंडित रविशंकर शुक्ल के पुत्र) महासमुंद से मगनलाल बागडी, सरगुजा-रायगढ़ (अजा) से बाबूनाथ सिंह विजयी रहे थे। तब आदिवासी वर्ग या अनुसूचित जनजाति वर्ग के लिए केवल बस्तर लोकसभा सीट ही तय थी।
 1952 में कांग्रेस के 398 लोकसभा सदस्य निर्वाचित हुए थे उनमें से 8 छत्तीसगढ़ से ही चुने गए थे। 2008 के लोस चुनाव में छत्तीसगढ़ की स्थिति उलट है। अभी  छत्तीसगढ़ की 11 लोकसभा सीटों में 10 मेें भाजपा का कब्जा है वहीं कांग्रेस के एक मात्र विजयी सांसद, चरणदास महंत केन्द्र में मंत्री  भी हैं।
1952 के विस चुनाव
आजादी के बाद 1952 में लोकसभा विधानसभा चुनावों की घोषणा हुई पर 1951 में ही भारतीय जनसंघ, समाजवादी पार्टी, किसान मजदूर प्रजा पार्टी का उदय देश तथा प्रदेश में हो चुका था। 1952 के विस चुनाव में इन पाटियों के प्रत्याशी भी चुनाव समर में उतरे थे। जनसंघ के प्रत्याशी तो स्वतंत्रता संग्राम की पृष्ठ भूमि के नहीं थे और न ही कभी कांग्रेस में सक्रिय रहे। परंतु समाजवादी पार्टी और किसान मजदूर पार्टी के अधिकांश प्रत्याशी स्वतंत्रता संग्राम के दौर में कांग्रेस के साथ थे।
ठा.प्यारेलाल सिंह, खूबचंद बघेल, बैरिस्टर छेदीलाल , बुलाकी लाल पुजारी, लक्ष्मण प्रसाद बैद्य, ठाकुर रामकृष्ण सिंह आदि ने कांग्रेस से अलग होकर विस चुनाव लड़ा था।
 1952 में छत्तीसगढ़ में कुल 82 विधानसभा क्षेत्र थे जिसमें कांग्रेस ने 73 प्रत्याशी खड़े किए थे उनमें से 57 विजयी रहे थे तो जनसंघ ने 14 प्रत्याशी चुनाव समर में उतारा था और एक भी विजयी नहीं हो सका था सीपीआई के तीन में कोई नहीं जीता, किसान मजदूर प्रजा पार्टी ने 36 प्रत्याशी चुनाव समर के उतारे थे उनमें  से चार विजयी रहे थे। वहीं 127 निर्दलीय मैदान में उतरे थे उनमें से 17 ने जीत दर्ज की थी।
1952 में सीपी एण्ड बरार प्रदेश में अच्छी सफलता मिलने पर पं. रविशंकर शुक्ला मुख्यमंत्री बने। उनके कार्यकाल में बैलाडिला खदानों को हैदराबाद के निजामो को सौंपने की गुप्त योजना का पर्दाफाश हुआ और समझौता निरस्त हो गया अन्यथा छत्तीसगढ़ का यह हिस्सा हैदराबाद में होता। भिलाई इस्पात संयंत्र की स्थापना भी इनके कार्यकाल की बड़ी उपलब्धि है।
1952 के विस चुनाव जीतने वालों में महाराजा रामानुजशरण सिहदेव (अंबिकापुर), राजा विजयभूषण सिहदेव (जशपुर), राजा चंद्रचूड़ (धर्मजयगढ़), राजा नरेश चंद सारंगढ़ (बाद में म.प्र. के मुख्यमंत्री बने), मथुरा प्रसाद  दुबे (मरवाही), रामगोपाल तिवारी (मुंगेली), शिव दुलारे मिश्र (बिलासपुर), गणेशराम अनंत (मस्तुरी), बिसाहूदास महंत (बाराद्बार), रामकृष्ण राठौर (चांपा), महाराजा लीलाधर सिंह (सक्ती), ठाकुर प्यारेलाल सिंह (रायपुर), लखनलाल गुप्ता (आरंग), खूबचंद बघेल (पचेड़ा-धरसींवा), चक्रपाणी शुक्ला (भाटापारा), बृजलाल वर्मा (कोसमंडी-कसडोल), महंत लक्ष्मीनारायण दास (भटगांव), श्याम कुमारी देवी (राजिम), पंडित रविशंकर शुक्ल (सरायपाली), जयदेव सतपथी (बसना), गणपतराव दानी (पिथौरा-खल्लारी), भोपाल राव पवार (कुरुद), भानुप्रताप देव (कांकेर), विद्यानाथ ठाकुर (जगदलपुर), बाय.बी. तामस्कर (बेमेतरा), रानी पद्मावती (बोरीदेवरकर), घनश्याम गुप्ता (दुर्ग), केशव लाल गुमास्ता (बालोद), धन्नालाल जैन (डोंगरगांव), आर.के. शुक्ला (राजनांदगांव), विजयलाल ओस्तवाल (डोंगरगढ़), राजा वीरेंद्र बहादुर सिंह (खैरागढ़) तथा घरघोड़ा से दुर्गाचरण पटेल विजयी रहे थे। बाद में पटेल के नाम से पटेलपाली गांव की स्थापना बाद में हुई। ये कुछ महत्वपूर्ण लोग विजयी रहे जिन्होंने बाद में छत्तीसगढ़ का नेतृत्व देश-प्रदेश में किया। 1952 में कई विधानसभा क्षेत्रों में द्बिसदस्यीय व्यवस्था थी यानि सबसे अधिक मत और उससे कम मत पाने वाला विधायक निर्वाचित होता था।
3 महिलाएं विस में
1952 के विधानसभा चुनाव में 3 महिलाएं विजयी होकर विधानसभा पहुंची थी। श्यामाकुमारी देवी, विन्द्रानवागढ़, कनक कुमारी, देवी चौकी (दोनों अनुसूचित जनजाति वर्ग की महिलाएं) विजयी रही थी तो बोरई देवकर से रानी पद्मावती ने अपनी जीत दर्ज की थी।
नेता प्रतिपक्ष/पक्ष
1952 के विस चुनाव के बाद सीपी एण्ड बरार में नेता पक्ष तथा मुख्यमंत्री पं. रविशंकर शुक्ल बने जो रायपुर जिले की सरायपाली से निर्वाचित हुए थे, रायपुर के ही थे। नेता प्रतिपक्ष बने ठा. प्यारेलाल सिंह। 1952 का विस चुनाव इन्होंने रायपुर शहर से किसान मजदूर प्रजा पार्टी के उम्मीदवार की हैसियत से जीता था। वैसे ठाकुर प्यारेलाल सिंह 1936 में विधानसभा सदस्य बने थे। वे सीपी एण्ड बरार के खरे मंत्रिमंडल में शिक्षा मंत्री भी रह चुके हैं। बहरहाल 1952 के चुनाव में वे नेता प्रतिपक्ष बने थे। पंडित रविशंकर शुक्ल और ठा. प्यारेलाल सिंह एक ही रेल से नागपुर राजधानी साथ-साथ जाते थे और विधानसभा में पक्ष और विपक्ष की भूमिका ईमानदारी से निभाते थे।
विस अध्यक्ष
घनश्याम दास गुप्ता 1923 से सीपी एण्ड बरार विधानसभा के सदस्य रहे, वहीं नेता प्रतिपक्ष भी रहे। 1937-52 तक विधानसभा अध्यक्ष का भी दायित्व संभाला था। 22 दिसंबर 1885 को जन्में श्री गुप्त बीएससी, विधि स्नातक थे। वे दुर्ग के रहने वाले थे।
और अब बस
छत्तीसगढ़ से निर्वाचित एक सांसद को लोकसभा में सवाल पूछने के नाम पर पैसा लेने के स्ट्रीग ऑपरेशन दुर्योधन के कारण सदस्यता से वंचित होना पड़ा?

No comments:

Post a Comment